शहर में बुधवार सुबह 7.30 बजे तक कोहरा छाया रहा और करीब 10.30 बजे तक धूप नहीं निकली। दिनभर सर्द हवा चलने से लोग ठिठुरते रहे। वहीं ढाई घंटे में हवा की रफ्तार दो किमी बढ़ने से पारा साढ़े पांच डिग्री गिर गया। इस कारण रात साढ़े आठ बजे ठंड का अहसास और बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार देर रात 12 बजे से सुबह 7.30 बजे तक कोहरा छाया रहा। जिससेे विजिबिलिटी दो किमी तक थी। जबकि कुछ क्षेत्रों में न के बराबर थी।
शहर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण और हिमालय की ओर से चल रही हवा से ठंडक बढ़ गई है। बुधवार को अधिकतम पारा 20.2 डिग्री रहा, जो मंगलवार से 1.5 कम था। वहीं न्यूनतम पारा .5 बढ़कर 11.5 पर पहुंच गया। तापमान सुबह आठ बजे 12.2, 11.30 बजे 14.4, ढाई बजे 18.2, शाम 5.30 बजे 18.4, रात आठ बजे 12 डिग्री दर्ज किया गया। शाम पांच बजे दो किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी तो रात आठ बजे चार किमी की रफ्तार से।
ढाई घंटे में हवा की रफ्तार दो से बढ़कर चार किमी हुई और साढ़े पांच डिग्री गिर गया पारा